दरभंगा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा, डीएम ने जताई नाराजगी
दरभंगा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा, डीएम ने जताई नाराजगी
दरभंगा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा, डीएम ने जताई नाराजगी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करने, जर्जर भवनों की पहचान तथा निर्माण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने बारी-बारी से सभी प्रखंडों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध भूमि और जर्जर भवनों के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया।
बैठक में बैटरी चालित ट्राईसाइकिल योजना के अंतर्गत कुछ प्रखंडों में कम आवेदन मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जहां आंगनबाड़ी केंद्र भवन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जर्जर भवनों की सूची तैयार कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास की आधारशिला हैं और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में संबल योजना के अंतर्गत बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरण की भी प्रखंडवार समीक्षा की गई। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रति पंचायत कम से कम 10 दिव्यांगजनों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांग वंचित न रहे।
समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस चांदनी सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन कोषांग आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।