राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश,

नीलाम पत्र मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर, बिना अनुमति मिट्टी उठाव पर रोक

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रमंडलीय सभागार में राजस्व संग्रहण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, मद्यनिषेध एवं उत्पाद, खनन, वाणिज्य कर, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा निबंधन विभाग के राजस्व संग्रहण की विभागवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने नीलाम पत्र से संबंधित लंबित मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के जिला नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति हेतु प्रस्ताव समर्पित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही नीलाम पत्र न्यायालय का संचालन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक नियमित रूप से करने को कहा, ताकि मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।

खनन विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना अनुमति किसी भी स्थिति में मिट्टी का उठाव नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत मात्रा के अनुरूप ही मिट्टी कटाव सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी सख्त निगरानी जिला खनन पदाधिकारी द्वारा की जाए। इसके साथ ही ईंट-भट्ठों से संबंधित रॉयल्टी वसूली एवं प्रदूषण जांच नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए।

वाणिज्य कर विभाग को प्रत्येक माह विशेष जांच अभियान चलाकर राजस्व संग्रहण बढ़ाने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा में अपर समाहर्ता (राजस्व) को जमाबंदी एवं परिमार्जन से जुड़े लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य)  सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी  आकाश ऐश्वर्य, संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार मनोज कुमार सहित प्रमंडल के तीनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।