भ्रष्टाचार के विरुद्ध SVU की बड़ी कार्रवाई:नॉर्थ बिहार पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के लाइनमैन व मीटर रीडर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /

विशेष निगरानी इकाई (SVU), पटना द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ बिहार पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, साहिबगंज (मुजफ्फरपुर) में पदस्थापित लाइनमैन मुनचुन राम एवं मीटर रीडर निशांत कुमार को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि परिवादी मोहम्मद जाहिद, पिता—मो. जहाँगीर, ग्राम—आसापट्टी परसौनी, थाना—साहिबगंज, जिला—मुजफ्फरपुर द्वारा SVU, पटना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नॉर्थ बिहार पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, साहिबगंज के कनीय अभियंता गौतम कुमार, लाइनमैन मुनचुन राम, चंदेश्वर कुमार एवं मीटर रीडर निशांत कुमार द्वारा गलत तरीके से विद्युत कनेक्शन काट दिया गया तथा पुनः कनेक्शन एवं मीटर लगाने के नाम पर 12,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी भी दी जा रही थी।

SVU द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कनीय अभियंता गौतम कुमार के निर्देश पर उपरोक्त कर्मियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी तथा तत्काल 5,000 रुपये देने को कहा गया।

तत्पश्चात विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या 02/2026, दिनांक 07.01.2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) एवं धारा 308 BNS 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक श्री लव कुमार के नेतृत्व में गठित धावा-दल द्वारा कार्रवाई करते हुए लाइनमैन मुनचुन राम एवं मीटर रीडर निशांत कुमार को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं कनीय अभियंता गौतम कुमार एवं लाइनमैन चंदेश्वर कुमार छापेमारी की सूचना पाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद इस मामले में अग्रतर कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है।