साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सीतामढ़ी पुलिस ने पीड़ित को लौटाए 3 लाख रुपये

दस्तक 7मीडिया /सीतामढ़ी 

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच बिहार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीतामढ़ी साइबर थाना की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार एक युवक को उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल गई। पुलिस ने साइबर फ्रॉड की राशि को समय रहते होल्ड कराते हुए पीड़ित के खाते में 3,00,000 रुपये वापस कराए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रिंस कुमार के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी, जिसमें उनके खाते से तीन लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने सीतामढ़ी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और तकनीकी एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। पुलिस की सतर्कता के कारण ठगी की राशि को समय रहते होल्ड करा लिया गया, जिससे रकम आगे ट्रांसफर नहीं हो सकी।

आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को साइबर थाना पुलिस टीम के सहयोग से पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ठगी की गई पूरी राशि 3,00,000 रुपये पीड़ित प्रिंस कुमार के खाते में वापस करा दी गई।

इस सफल कार्रवाई के बाद पीड़ित ने सीतामढ़ी साइबर थाना एवं बिहार पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी साइबर थाना या 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।