दरभंगा में दिसंबर माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी  द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में नगर पुलिस अधीक्षक दरभंगा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर थानाध्यक्ष, यातायात डीएसपी, मुख्यालय एवं रक्षित डीएसपी, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

अपराध गोष्ठी के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा थानावार लंबित कांड, दिसंबर माह में दर्ज एवं निष्पादित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई। समीक्षा में हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर अपराधों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया।

गोष्ठी में मुख्य रूप से अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सक्रिय अपराधकर्मियों का नाम, पता एवं आपराधिक इतिहास गुंडा पंजी में अद्यतन रखें। साथ ही सभी महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित वीडियो एवं अन्य साक्ष्य को ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने का आदेश दिया गया।

शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों एवं शराब तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने थानों में आने वाले फरियादियों एवं आवेदकों से शालीन व्यवहार, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा त्वरित जांच के उपरांत विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने को भी कहा गया।

इसके अलावा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन थाना में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ सुबह बैठक कर टास्किंग सुनिश्चित करें, ताकि अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में और सुधार हो सके।