सुबह-सुबह लहेरियासराय में सनसनी :कमर्शियल चौक के पास चाकू मारकर युवक की हत्या, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के कमर्शियल चौक के समीप सोमवार की सुबह करीब पांच बजे एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक हत्यारा मौके से फरार हो चुका था।

पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुसारी गांव निवासी पवन कुमार प्रसाद के रूप में कर ली गई है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला चाकू मारकर की गई हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

वहीं, थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही अपराधियों की पहचान होगी, उन्हें गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
“अपराधी चाहे जितना भी शातिर क्यों न हो, उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजने से कोई नहीं रोक सकता,” थानाध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा।

इधर, हत्या की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह की सैर पर निकले लोग और दुकानदार सहमे नजर आए। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, मृतक के हालिया संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।