जल संरक्षण पर जोर, मनरेगा की योजनाओं को गति देने का डीएम का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की मंगलवार को समीक्षा की गई। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में चल रही मनरेगा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रोग्राम पदाधिकारी से ली। उन्होंने जल संचयन को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। इसके तहत निजी खेत पोखर और सार्वजनिक तालाबों की पहचान कर उनके निर्माण एवं जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्धता बढ़ाने पर जोर देते हुए डीएम ने पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक परिवारों को मनरेगा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को मनरेगा के अंतर्गत निर्मित खेल मैदानों की जांच कराने का निर्देश दिया, जिससे उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मनरेगा योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, डीआरडीए निदेशक, डीपीओ मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।