बिहार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: सोशल मीडिया वीडियो को लेकर सचिवालय थाना में शिकायत”सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सार्वजनिक मंच से बिहार की महिलाओं को लेकर कथित अपमानजनक बयान, तीन महिलाओं ने दर्ज कराई शिकायत।

दस्तक 7मीडिया /पटना 

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बिहार की महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दरभंगा और पटना की तीन महिलाओं ने सचिवालय थाना, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता प्रियंका झा, सरिता राज एवं फहिमा परवीन ने आरोप लगाया है कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सार्वजनिक मंच से बिहार की महिलाओं के संबंध में बेहद अमर्यादित टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में कथित रूप से कहा गया कि “अगर शादी नहीं हो रही हो तो बिहार से लड़की ले आओ, वहां 20–25 हजार रुपये में मिल जाती हैं।”

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह का बयान बिहार की महिलाओं को वस्तु के रूप में प्रस्तुत करता है, जिससे उनकी गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची है। यह बयान सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिससे न केवल शिकायतकर्ताओं बल्कि बिहार की असंख्य महिलाओं को मानसिक पीड़ा, अपमान और आक्रोश का सामना करना पड़ा।

महिलाओं ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज में महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच को बढ़ावा देती है और सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए।

बताया गया है कि वीडियो सोशल मीडिया/डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुआ है और इसका प्रभाव क्षेत्र पूरे बिहार राज्य में देखा गया। पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।