दरभंगा समेत राज्यभर में भ्रष्ट अफसरों की अवैध संपत्ति पर शिकंजा, निगरानी विभाग करेगा तेज कारवाई।

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सख्त रुख अपना लिया है। इसका असर अब दरभंगा में भी साफ तौर पर दिखने लगा है। आय से अधिक संपत्ति के मामलों में फंसे भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की चल-अचल संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया को निगरानी विभाग ने तेज कर दिया है।

निगरानी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दरभंगा से जुड़े कई मामलों में आरोपी अधिकारी-कर्मचारियों पर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इन संपत्तियों की जब्ती के लिए न्यायालय से अनुमति ली जा रही है। अनुमति मिलते ही संबंधित अंचलों में एक साथ कार्रवाई शुरू की जाएगी।

बताया गया है कि राज्यभर में कुल 119 भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों की लगभग 96.76 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति चिन्हित की गई है। इनमें से कुछ मामलों में संपत्ति जब्त की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि कई मामले अभी न्यायालय में लंबित हैं। दरभंगा जिले से संबंधित प्रकरणों पर निगरानी की विशेष नजर बनी हुई है।

निगरानी सूत्रों के अनुसार, ये मामले वर्ष 2012 से 2016 के बीच दर्ज किए गए थे। जांच में सामने आया है कि कई तत्कालीन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की।

निगरानी विभाग ने साफ किया है कि न्यायालय से अनुमति मिलते ही दरभंगा सहित अन्य जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे न सिर्फ भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मचा है, बल्कि आम लोगों में यह संदेश भी गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार अब निर्णायक कदम उठा रही है।

प्रशासनिक हलकों में इसे बड़ी और अहम कार्रवाई माना जा रहा है। संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया शुरू होते ही कई पुराने और चर्चित मामलों के जल्द निपटारे की संभावना जताई जा रही है। दरभंगा में निगरानी विभाग की हर गतिविधि पर फिलहाल सबकी नजर टिकी हुई है।