डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की फार्मर आईडी निर्माण की समीक्षा,

दो चरणों में मिशन मोड पर चलेगा अभियान, रोज 14 हजार किसानों का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सभी किसानों का फार्मर आईडी कार्ड बनाने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी अनुमंडल अधिकारी, कृषि अनुमंडल अधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि एग्री स्टैक परियोजना के तहत राज्य के किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जा रही है। इसके लिए बिहार भूमि के डाटाबेस को समेकित कर प्रत्येक राजस्व ग्राम का ऑनलाइन बकेट जिले को उपलब्ध कराया गया है, जिसके आधार पर जिला स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जाएगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के सभी राजस्व ग्रामों में किसानों का ई-केवाईसी कर फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में तेजी लाने के लिए प्रत्येक राजस्व ग्राम में कैम्प लगाकर अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। कैम्प में कृषि विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी सहयोग करेंगे।

फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में दो चरणों में किया जाएगा।
पहला चरण: 06, 07, 08 व 09 जनवरी 2026
दूसरा चरण: 18, 19, 20 व 21 जनवरी 2026

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान में सभी किसानों को मोबिलाइज करना सुनिश्चित करें। फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे फार्मर आईडी कार्ड बनाने में अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरा सहयोग दें। निर्धारित तिथियों पर गांव-गांव जाकर किसानों का फार्मर आईडी बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कर्मी शामिल रहेंगे। कार्यों की निगरानी व्हाट्सएप ग्रुप और वीडियो कॉल के माध्यम से दिनभर की जाएगी। अभियान सुबह 8 बजे से देर रात तक चलेगा। प्रतिदिन जिले में 10 हजार से 14 हजार फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि अभियान से पूर्व जिला कृषि कार्यालय, दरभंगा से प्रचार-प्रसार सामग्री प्राप्त कर व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए, ताकि निर्धारित तिथियों पर फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का सफल आयोजन हो सके।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।