आयुक्त ने योजना एवं विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा को लेकर की बैठक
आयुक्त ने योजना एवं विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा को लेकर की बैठक
आयुक्त ने योजना एवं विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा को लेकर की बैठक
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों—दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर—के संबंधित वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सर्वप्रथम आयुक्त महोदय ने उपस्थित अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं जिला योजना पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अब तक की कार्य-प्रगति की संक्षिप्त जानकारी ली।
इसके पश्चात योजनावार समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता पर विशेष बल दिया। पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि स्वीकृत पंचायत सरकार भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत सरकार भवन सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है।
कब्रिस्तान घेराबंदी एवं मंदिर चाहरदिवारी योजना की समीक्षा के क्रम में लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जन-भावनाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगति-रत योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि इन योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का चयन सुनिश्चित किया जाए।
सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता भत्ता योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने वाली इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सकें। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में आयुक्त महोदय ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आमजनों को योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने डीआरसीसी भवन में लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा तीनों जिलों के जिला निबंधन-सह-परामर्श केन्द्र का औचक निरीक्षण किए जाने की भी जानकारी दी।
उक्त बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, सहायक निदेशक (योजना) श्रीमती प्रीति कुमारी, वन प्रमण्डल पदाधिकारी तथा दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के संबंधित अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा, कहा अंतिम पंक्ति के छात्र तक पहुँचे योजनाओं का लाभ, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
31 साल पुराने पटोरी हत्याकांड में 5 दोषी करार, सजा पर 31 जनवरी को फैसला।भूमि विवाद में हुई हत्या पर 31 साल बाद न्याय, 5 अभियुक्त दोषी जिसमें दरभंगा के चर्चित अधिवक्ता भी।