आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा,

कहा अंतिम पंक्ति के छात्र तक पहुँचे योजनाओं का लाभ, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडलीय सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक मो. असगर अली सहित तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत आयुक्त द्वारा अधिकारियों से परिचय एवं अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ हुई। आयुक्त ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना आवश्यक है। इसके तहत विद्यालयों में चाहरदीवारी, शुद्ध पेयजल, बेंच-डेस्क, शौचालय, नियमित साफ-सफाई एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी शैक्षणिक योजनाओं से प्रत्येक विद्यार्थी को आच्छादित किया जाए। उन्होंने सेवांत लाभ के समय पर भुगतान, शिक्षकों एवं कर्मियों, रसोइया और रात्रि प्रहरी के वेतन का नियमित भुगतान, सेवा निवृत्ति की तिथि पर सभी देयों के निष्पादन, साइकिल व पोशाक योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, भूमिहीन विद्यालयों की पहचान तथा मध्यान्ह भोजन योजना के सुचारु संचालन पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को शिक्षकों की उपस्थिति का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल सुदृढ़ हो सके। साथ ही जिला एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को नियमित एवं औचक विद्यालय निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के छात्र तक पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं तीनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।