बहेड़ा में स्वर्ण व्यवसायी से छीनतेय, हथियार के बट से हमला कर लाखों के जेवरात छीने ,

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे ज्वेलर, पानी टंकी के पास बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर दिया वारदात को अंजाम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बहेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार की शाम अपराधियों ने बेखौफ होकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बेनीपुर स्थित नेहा ज्वेलर्स के मालिक संजय सोनी से हथियार के बल पर लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण छीन लिए गए।

घटना शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार संजय सोनी रोज की तरह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से बहेड़ा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पानी टंकी के पास दो-तीन मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार के बट से उनके सिर पर हमला किया और मोटरसाइकिल में टंगे झोले को छीनकर फरार हो गए।

झोले में सोने-चांदी के आभूषण होने की बात कही जा रही है, जिसकी कीमत 10 से 15 लाख रुपये बतायी जा रही है। हालांकि वास्तविक राशि का खुलासा प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस वारदात के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।