श्री कामेश्वरी प्रिया पूअर होम राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय में मनाई गई लुई ब्रेल की जयंती; दिव्यांग छात्रों के लिए नई कंप्यूटर लैब की होगी स्थापना

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ब्रेल लिपि के आविष्कारक लुई ब्रेल की जयंती आज कामेश्वरी प्रिया पूअर होम राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय, दरभंगा के प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, दरभंगा  आशीष अमन, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य  राकेश किरण झा तथा मूक-बधिर विद्यालय के प्रधानाचार्य  संजय कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने लुई ब्रेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

जयंती के अवसर पर छात्रों के बीच पठन, लेखन एवं अनुशासन से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया गया कि विद्यालय परिसर में दिव्यांग छात्रों के लिए शीघ्र ही एक आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की जाएगी, जिससे छात्र तकनीकी रूप से सशक्त बन सकेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, दरभंगा के कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।