हायाघाट एसएफसी केंद्र पर सीएमआर आपूर्ति शुरू, धान अधिप्राप्ति को मिलेगी रफ्तार,

डीएम कौशल कुमार ने किया शुभारंभ, पारदर्शिता व तेजी का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ख़रीफ़ विपणन मौसम 2025-26 के तहत जिले में धान अधिप्राप्ति एवं चावल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को एक अहम कदम उठाया गया। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने हायाघाट स्थित राज्य खाद्य निगम (SFC) के संग्रहण केंद्र पर कस्टम मिल्ड राइस (CMR) आपूर्ति का विधिवत शुभारंभ किया।

शुभारंभ के अवसर पर बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत जरिसो पैक्स से प्राप्त सीएमआर को स्वीकार कर जिले में सीएमआर आपूर्ति प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इससे जिले में धान अधिप्राप्ति की गति तेज होगी और किसानों के साथ-साथ पैक्स एवं संबंधित विभागों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस मौके पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि धान अधिप्राप्ति और सीएमआर आपूर्ति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीएम ने एसएफसी संग्रहण केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, त्वरित उठाव और निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों और पैक्स को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कार्यक्रम में जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम निशांत कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि हायाघाट विकास कुमार सिंह, बीडीओ हायाघाट, सीओ हायाघाट, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी धीरज कुमार, हर्षवर्धन, सहायक प्रबंधक कुमार भास्कर, जितेंद्र कुमार गौरव (गुणवत्ता नियंत्रक), हरिकृष्ण कुमार, दीपक कुमार, संजीव कुमार (सहायक लेखा पदाधिकारी), सजीव कुमार (आईटी प्रबंधक), राम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि धान अधिप्राप्ति और सीएमआर आपूर्ति का सुचारू संचालन ही किसानों के हितों की वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।