छापेमारी में ‘साफ-सफाई’ का खेल?लालगंज थानाध्यक्ष एवं पुअनि निलंबित, बिना वीडियो रिकॉर्डिंग बरामदगी पर सवाल ?

दस्तक 7मीडिया /वैशाली

लालगंज थाना क्षेत्र में की गई एक छापेमारी अब खुद पुलिस महकमे के लिए संकट बन गई है। छापेमारी के दौरान गंभीर अनियमितताओं, तथ्यों को छिपाने और प्रक्रिया के उल्लंघन के आरोपों के बाद लालगंज थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार एवं पुअनि सुमनजी  झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मामला 30 दिसंबर 2025 का है, जब गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम बिलनपुर निवासी रामप्रीत सहनी के आवास पर लालगंज थाना द्वारा छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 03 टीवी, 02 जिंदा कारतूस, 01 मिस फायर कारतूस एवं तांबे सहित अन्य धातु के बर्तन बरामद होने का दावा किया गया और प्राथमिकी संख्या 662/25 दर्ज की गई।

बिना वीडियो रिकॉर्डिंग कैसे हुई छापेमारी?

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि छापेमारी की कोई वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं कराई गई, जबकि यह अब अनिवार्य प्रक्रिया मानी जाती है। यह जानकारी खुद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  सदर-02 द्वारा दी गई, जिसने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया।

सोना और नकदी बरामद, लेकिन सूची से गायब!

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  सदर-02 ने यह भी आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान सोना और नकद राशि की भी बरामदगी हुई थी, लेकिन जब्ती सूची में इसका कोई जिक्र नहीं किया गया। यह तथ्य पुलिस की नीयत और पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

पुराना मामला भी बना गले की फांस

इतना ही नहीं, थानाध्यक्ष पर पहले भी मध्य प्रदेश की एक महिला के साथ दुर्व्यवहार/शारीरिक शोषण के मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप रहा है। उस मामले में भी स्पष्टीकरण मांगने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया था।

उच्चस्तरीय जांच, सख्त कार्रवाई के संकेत

मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और विस्तृत जांच का जिम्मा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) प्रेम सागर को सौंप दिया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर विधि एवं विभागीय नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

तत्काल निलंबन

प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर ने पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार (थानाध्यक्ष, लालगंज) को एवं पु०अ०नि० सुमनजी झा को भी निलंबित कर पुलिस केंद्र हाजिर कर दिया गया हे।