निजी जमीन नहीं बेचने पर भू-माफिया का जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया ,सिंहवाड़ा /

सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन गांव में निजी जमीन बेचने से इनकार करने पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अमीरूल हक के रूप में हुई है, जिसे रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पीड़ित मो. शब्बीर द्वारा दर्ज कराए गए बयान में कहा गया है कि 1 जनवरी को दोपहर करीब चार बजे गांव के मो. जफीरूल हक, मो. अमीरूल हक, अनवारूल हक एवं शहनाज बेगम ने उनकी बहन के साथ अश्लील हरकत की और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने लाठी-डंडा व धारदार दबिया से हमला कर दिया।

शब्बीर ने बताया कि जफीरूल हक ने बांस काटने वाले धारदार दबिया से उनके माथे पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं अनवारूल हक ने जमीन पर पटक कर हत्या करने का आदेश दिया। शोर सुनकर पहुंचे बड़े भाई मो. शकील और पिता अबुल हसन उर्फ हबीबुल पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया।

चारों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहवाड़ा में कराया गया। आरोप है कि हमले के दौरान मो. अमीरूल हक ने पीड़ित के पिता की जेब से एक हजार रुपये निकाल लिए, जबकि शहनाज बेगम ने सफीना नाज के गले से दो भर चांदी की चैन छीन ली।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जफीरूल हक भू-माफिया का काम करता है और कम कीमत पर जमीन व गाछी बेचने का दबाव बनाते हुए लगातार धमकी देता रहा है। जमीन नहीं बेचने पर हत्या कराने की धमकी भी दी गई है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कांड के अनुसंधानकर्ता दारोगा पन्ना लाल सिंह ने चार आरोपियों में से मो. अमीरूल हक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।