कड़ाके की ठंड में जिला प्रशासन सख्त,कक्षा 1 से 6 तक की पढ़ाई बंद

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में लगातार ठंड बढ़ने और शीतलहर चलने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी,दरभंगा के आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से कक्षा 6 तक की पढ़ाई अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। यह आदेश प्री-स्कूल और सभी कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी,दरभंगा कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक ठंड और तापमान में लगातार गिरावट के कारण छोटे बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 6 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां दिनांक 06.02.2026 तक स्थगित रहेंगी। इस दौरान छात्र-छात्राओं को स्कूल या कोचिंग संस्थान आने की आवश्यकता नहीं होगी।
हालांकि,यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और अपने नियमित कार्यों का निष्पादन करेंगे। विद्यालयों का प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से चलता रहेगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और बिना आवश्यकता के उन्हें घर से बाहर न भेजें। मौसम सामान्य होने के बाद विद्यालयों को पुनः खोलने के संबंध में आगे सूचना दी जाएगी। यह आदेश जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा।