दरभंगा में कानून-व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा बैठक,
सुपर पेट्रोलिंग, लंबित कांडों के निष्पादन पर दिया गया जोर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी  द्वारा शनिवार को अपने कार्यालय में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं सभी अंचल पुलिस निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण को लेकर सुपर पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित एवं सघन पेट्रोलिंग से अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। इसके साथ ही औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) को निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया गया, ताकि पुलिसिंग में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनी रहे।

एसएसपी ने सभी थानों को डेली रिपोर्ट समय पर एवं सटीक रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध इश्तिहार एवं कुर्की वारंट की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। कोर्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए कोर्ट परिवाद के निष्पादन में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में सभी लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जिले में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।