शिक्षा विभाग की मनमानी का आरोप, प्राथमिक विद्यालय परबत्ता में विकास कार्य को लेकर हंगामा

दस्तक7 मीडिया / अमित झा /गौराबौराम

गौराबौराम प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय परबत्ता (मुसहरी) में विकास कार्य के नाम पर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रुखसाना प्रबीन पर स्कूल के विकास कार्य में घपला करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में बिजली से संबंधित विकास कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक बुलाना अनिवार्य था। इस बैठक में विद्यालय अध्यक्ष, सचिव, वार्ड सदस्य एवं अन्य सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन प्रधानाध्यापिका द्वारा कोई बैठक नहीं बुलाई गई। आरोप है कि विद्यालय की सचिव कंचन देवी की कम पढ़ी-लिखी होने का लाभ उठाते हुए उन्हें “पैरेंट्स मीटिंग” बताकर निकासी वाउचर पर हस्ताक्षर करा लिया गया। इस आरोप की पुष्टि स्वयं सचिव कंचन देवी ने की है।

शनिवार को करीब 11:30 बजे वार्ड सदस्य अजय पासवान, सचिव के पति हीरा पासवान सहित अन्य ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंचे। इस दौरान पाया गया कि प्रधानाध्यापिका रुखसाना प्रबीन तथा उनके पति मोहम्मद आलम, जो मध्य विद्यालय जिरात में शिक्षक हैं, बिना अध्यक्ष एवं सचिव को सूचना दिए विद्यालय परिसर में बिजली का कार्य करवा रहे थे।

विद्यालय अध्यक्ष द्वारा विरोध किए जाने पर प्रधानाध्यापिका और उनके पति के बीच कहासुनी हो गई। वार्ड सदस्य अजय पासवान ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका के पति ने अपने पद का रौब दिखाते हुए कहा कि “स्कूल मेरे अधीन है, आप कौन होते हैं काम देखने वाले।”

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रधानाध्यापिका के पति दूसरे विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक होने के बावजूद अधिकांश समय इसी प्राथमिक विद्यालय में रहते हैं, जो नियमों के विरुद्ध है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग शिक्षा विभाग से की है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।