बेनीपुर के महीनाम गांव में डीएम ने किया धान कटाई कार्य का निरीक्षण,

फसल अवशेष न जलाने की अपील, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग पर दिया जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत महीनाम गांव का भ्रमण कर आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से हो रही धान की कटाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से फसल कटाई के बाद अवशेषों के निस्तारण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

डीएम ने कहा कि फसल अवशेष जलाने से मिट्टी के पोषक तत्व, कार्बनिक पदार्थ और लाभकारी सूक्ष्म जीवाणु नष्ट हो जाते हैं। साथ ही हानिकारक गैसों और एरोसॉल कणों के कारण वायु प्रदूषण बढ़ता है, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा है।

उन्होंने बताया कि एक टन पुआल को खेत में मिलाने से 10 से 15 किलोग्राम नाइट्रोजन, 30 से 40 किलोग्राम पोटेशियम, 5 से 7 किलोग्राम सल्फर तथा 600 से 800 किलोग्राम ऑर्गेनिक कार्बन प्राप्त होता है, जो फसलों के लिए अत्यंत लाभकारी होता है।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में खेतों में फसल अवशेष न जलाएं। उन्होंने मल्चर, हैप्पी सीडर, रोटावेटर जैसे वैकल्पिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी और बताया कि इन यंत्रों पर सरकार द्वारा अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर तकनीकी सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिनके समाधान का जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए फसल अवशेष न जलाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन भविष्य में भी जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, अनुमंडल पदाधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे।