शीतलहर से बचाव को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, 168 स्थानों पर जल रहे अलाव,
343 क्विंटल से अधिक लकड़ी जलाई गई, 5171 कंबल उपलब्ध
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर दरभंगा जिला के सभी 18 अंचलों में प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है।
शनिवार को जिले के कुल 168 स्थानों पर अलाव जलाया गया, जिसमें 30.79 क्विंटल लकड़ी का उपयोग किया गया। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में कुल 343.53 क्विंटल लकड़ी अलाव के रूप में जलाई जा चुकी है। सभी अंचलाधिकारियों को अलाव स्थलों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
इधर, समाज कल्याण विभाग द्वारा शीतलहर से प्रभावित जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को 5171 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। अब तक 1402 कंबलों का वितरण किया जा चुका है, जबकि शेष का वितरण जारी है।
जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर से बचाव के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। साथ ही बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सौजन्य से 02 जनवरी से 04 जनवरी 2026 तक जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में जागरूकता रथ का संचालन किया जा रहा है, जिससे गरीबों एवं श्रमिकों को आपदा से बचाव की जानकारी दी जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए हीटर, गीजर और ब्लोअर का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें। सोने से पहले अलाव और अंगीठी को अवश्य बुझा दें, ताकि अगलगी की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।