नवादा जिले में 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए अकबरपुर थाने के पु.अ.नि. प्रमोद कुमार

दस्तक 7मीडिया /

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग की टीम ने नवादा जिले के अकबरपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (पु.अ.नि.) प्रमोद कुमार को 25,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पु.अ.नि. प्रमोद कुमार पर एक मामले में पक्ष में कार्रवाई करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की गई थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से आरोपी पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।

जैसे ही प्रमोद कुमार ने शिकायतकर्ता से ₹25,000 की राशि स्वीकार की, मौके पर मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाए, जिसमें केमिकल टेस्ट में रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ पटना ले गई है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। आम लोगों में इस कार्रवाई को लेकर सकारात्मक संदेश गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार और निगरानी विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है।

फिलहाल निगरानी विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस प्रकरण में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।