बाल विवाह उन्मूलन को लेकर दरभंगा में ‘कवच 2.0’ जागरूकता प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा

दरभंगा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन, न्यायपालिका और सामाजिक संगठनों ने साझा पहल शुरू की है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्रा की अध्यक्षता में ‘कवच 2.0’ परियोजना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। यह आयोजन 100 दिवसीय “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के तहत हुआ, जिसका संचालन स्वयंसेवी संगठन सेंटर डायरेक्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर बाल विवाह उन्मूलन हेतु कार्य योजना, बाल-अनुकूल जिला निर्माण तथा विभागीय समन्वय की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम के लिए कानून के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती कुमारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे