दरभंगा डीएम के जनता दरबार में 40 से अधिक मामलों का त्वरित समाधान, अधिकारियों को सख्त निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और 40 से अधिक मामलों का त्वरित निपटारा किया। विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे परिवादियों की शिकायतों पर डीएम ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शेष लंबित आवेदनों को जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। कई मामलों में उन्होंने अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, परिवहन एवं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। केवटी प्रखंड की आवेदक पूनम कुमारी द्वारा निजी रास्ता बंद किए जाने एवं मारपीट से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

दरभंगा सदर निवासी प्रदीप कुमार सादा द्वारा दिव्यांग ट्राई मोटर साइकिल हेतु दिए गए आवेदन पर डीएम ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल का वितरण किया जाएगा।

बहादुरपुर प्रखंड की आवेदक माधुरी सदा द्वारा अनाथ बच्चों के अनुदान सहायता संबंधी आवेदन पर जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को सरकारी योजना के अंतर्गत आवासीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान करना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, नोडल आईटी सेल पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।