दरभंगा डीएम के जनता दरबार में 40 से अधिक मामलों का त्वरित निपटारा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
दरभंगा डीएम के जनता दरबार में 40 से अधिक मामलों का त्वरित निपटारा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
दरभंगा डीएम के जनता दरबार में 40 से अधिक मामलों का त्वरित निपटारा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता के दरबार में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया। जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से 40 से अधिक परिवादी उपस्थित हुए।
जिलाधिकारी ने शेष लंबित आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कई मामलों में अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, परिवहन एवं राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आईं। केवटी प्रखंड की आवेदक पूनम कुमारी ने निजी रास्ता बंद करने एवं मारपीट से संबंधित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा को दूरभाष पर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
दरभंगा सदर निवासी प्रदीप कुमार सादा द्वारा दिव्यांग ट्राई मोटर साइकिल हेतु आवेदन दिया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जनवरी माह में विशेष शिविर लगाकर पात्र दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल का वितरण किया जाएगा।
बहादुरपुर प्रखंड की आवेदक माधुरी सदा द्वारा अनाथ बच्चों के अनुदान सहायता को लेकर आवेदन दिया गया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को सरकारी योजना के अंतर्गत आवासीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, नोडल आईटी सेल पूजा चौधरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।