डीएम ने राजस्व एवं समाज कल्याण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बेनीपुर एवं अलीनगर अंचल अंतर्गत संचालित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों से लंबित आवेदनों के संबंध में बारी-बारी से फीडबैक लिया। उन्होंने अंचलाधिकारी, बेनीपुर एवं अलीनगर को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को निर्धारित समय में सेवाएँ प्राप्त हो सकें।

जिलाधिकारी ने रिवर्ट/वापस किए गए आवेदनों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि ऐसे आवेदनों का सत्यापन कर शीघ्र निष्पादन किया जाए। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि रिवर्ट किए गए आवेदनों के निष्पादन हेतु रैयतों से समन्वय स्थापित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक रूप से आवेदनों को रिवर्ट नहीं किया जाए तथा आवेदनों के रिजेक्शन की संख्या न्यूनतम रहे, यह अंचलाधिकारी सुनिश्चित करेंगे।

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों की पहचान कर उन्हें नोटिस निर्गत करने एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारी प्रति सप्ताह कम से कम एक लाख रुपये की लगान वसूली सुनिश्चित करें तथा इसके लिए कैंप आयोजित किए जाएँ।

बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग एवं राजस्व वसूली सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा समाज कल्याण विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में विशेष रूप से बैटरी चालित मोटर ट्राइसाइकिल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएँ एवं अन्य कल्याणकारी योजनाएँ शामिल रहीं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुपात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर (कैंप) आयोजित कर लाभुकों का चयन एवं लाभ वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहाँ शीघ्र भूमि चिन्हित करने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।