सेवानिवृत्ति के दिन ही नई जिम्मेदारी: 1989 बैच के आईपीएस आलोक राज बने बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष

दस्तक 7मीडिया /पटना 

 नीतीश कुमार सरकार ने प्रशासनिक अनुभव को प्राथमिकता देते हुए एक अहम फैसला लिया है। 1989 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक राज को सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके रिटायरमेंट के दिन ही सौंपी गई, जिससे सरकार के भरोसे और उनकी कार्यक्षमता का स्पष्ट संकेत मिलता है।इससे पूर्व आईपीएस आलोक राज पुलिस महानिदेशक पद पर कार्यकारी डीजीपी के पद को भी सुशोभित कर चुके हे।

आलोक राज इससे पहले बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम में महानिदेशक सह अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने निगम से जुड़ी प्रशासनिक और विकासात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व दक्षता देखने को मिली।

राज्य सरकार का मानना है कि आलोक राज का लंबा प्रशासनिक अनुभव और अनुशासित कार्यशैली बिहार कर्मचारी चयन आयोग के कामकाज को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। आयोग के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों में पारदर्शिता, समयबद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।

इस नियुक्ति को सरकार के उस कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें अनुभवी और भरोसेमंद अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।