नववर्ष 2026 पर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जिले में गठित की गई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)
नववर्ष 2026 पर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जिले में गठित की गई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)
नववर्ष 2026 पर दरभंगा पुलिस अलर्ट, जिले में गठित की गई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा पुलिस ने नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आम नागरिकों की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देश पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है।
यह टीम 24×7 सक्रिय रहेगी और किसी भी आपातकालीन कॉल, दंगा, दुर्घटना या संगठित अपराध की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेगी। QRT में शामिल पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, हथियार संचालन एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
नववर्ष के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में QRT द्वारा नियमित गश्त की जाएगी। टीम को आधुनिक संचार उपकरणों और सुरक्षा गियर से लैस किया गया है, जिससे हर गतिविधि की पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम को मिलती रहेगी।
इसके अलावा जिले के प्रमुख पिकनिक स्थलों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर QRT की विशेष टुकड़ियों की तैनाती की गई है। अहिल्या स्थान, कुशेश्वरस्थान स्थित महादेव मंदिर तथा श्यामा मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए CCTV निगरानी के साथ NDRF टीम की भी मौजूदगी रहेगी।
दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के जश्न की आड़ में हुड़दंग, कानून उल्लंघन या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा पुलिस की जनता से अपील:
जश्न के दौरान कानून का पालन करें और दूसरों की शांति का ध्यान रखें।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।