नववर्ष के स्वागत पर दरभंगा पुलिस हाई अलर्ट, हुड़दंगियों पर कड़ी नजर,एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में देर रात चला विशेष पुलिसिंग अभियान

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नववर्ष के आगाज को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित माहौल में संपन्न कराने को लेकर एसएसपी जगुनाथ रेडडी जला रेडडी के निर्देश के आलोक में  दरभंगा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। शहर में किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग, शराबखोरी या शांति भंग की आशंका को देखते हुए लहेरियासराय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव कुमार के नेतृत्व में देर रात विशेष पुलिसिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन गश्त कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।

यह अभियान लहेरियासराय ,बेता ,विश्वविद्यालय नगर आदि थाना में सख्ती से देर रात चला।
अभियान में लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, होटल-ढाबों, रेलवे स्टेशन के आसपास, सिनेमा हॉलों और सार्वजनिक स्थलों पर वाहन जांच एवं पैदल गश्त की। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की कड़ी जांच की गई तथा बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई।
एसडीपीओ राजीव कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नववर्ष के जश्न की आड़ में किसी भी प्रकार की बदमाशी, तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंटबाजी, नशाखोरी या महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि नववर्ष का स्वागत शांति, संयम और सामाजिक सौहार्द के साथ करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
देर रात तक चले इस विशेष पुलिसिंग अभियान से शहर में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया है। आम लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नववर्ष के दौरान जिलेभर में इसी तरह सतत निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग जारी रहेगी, ताकि दरभंगा में नया साल पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो सके।