स्मारिका के लिए लेख आमंत्रित, 3 जनवरी तक जमा करने की अंतिम तिथि

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अहिल्या गौतम महोत्सव–2025 के अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका के लिए जिले के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं रचनाकारों से आलेख आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा निशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अहिल्या गौतम महोत्सव का आयोजन दरभंगा जिले के जाले प्रखंड अंतर्गत किया जा रहा है। इस वर्ष 14वाँ तीन दिवसीय अहिल्या गौतम महोत्सव–2025 का आयोजन 09 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक निर्धारित है।

प्रभारी पदाधिकारी ने कहा कि यह महोत्सव सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपराओं को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्वान, साहित्यकार, कलाकार एवं आमजन भाग लेते हैं। महोत्सव के अवसर पर एक स्मारिका के प्रकाशन का भी प्रस्ताव है, जिसके माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना, साहित्य, इतिहास एवं समसामयिक विषयों पर आधारित उत्कृष्ट रचनाओं को प्रकाशित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्मारिका के लिए इच्छुक लेखक अपने आलेख सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी दोनों माध्यमों में जमा कर सकते हैं। सॉफ्ट कॉपी ई-मेल के माध्यम से englishoffice56@gmail.com पर भेजी जा सकती है, जबकि हार्ड कॉपी जिला सामान्य शाखा, दरभंगा में जमा की जा सकती है।

आलेख जमा करने की अंतिम तिथि 03 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक रचनाकारों से इस अवसर का लाभ उठाने और स्मारिका को समृद्ध बनाने में सहयोग करने की अपील की है।