मनीगाछी एवं तारडीह अंचल के राजस्व कार्यों की हुई समीक्षा,जिलाधिकारी ने दिये निर्देश।

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में मनीगाछी एवं तारडीह अंचल अंतर्गत संचालित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग एवं राजस्व वसूली सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी मनीगाछी एवं तारडीह को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को समयबद्ध सेवाएँ प्राप्त हो सकें। उन्होंने रिवर्ट किए गए आवेदनों का सत्यापन कर निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि रिवर्ट किए गए आवेदनों के संबंध में रैयतों से समन्वय स्थापित कर आवेदन निष्पादित करें तथा अनावश्यक रूप से आवेदनों को रिवर्ट नहीं किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन कम से कम रिजेक्ट हों, यह अंचलाधिकारी सुनिश्चित करेंगे।

राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों की पहचान कर उन्हें नोटिस निर्गत करने एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लगान वसूली के लिए राजस्व कर्मचारियों को कैंप लगाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में समाज कल्याण विभाग की प्रमुख योजनाओं की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से बैटरी चालित मोटर ट्राइसाइकिल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से मिले। इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर लाभुकों का चयन एवं लाभ वितरण सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जहाँ आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु भूमि उपलब्ध नहीं है, वहाँ शीघ्र भूमि चिन्हित की जाए। साथ ही जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व)  मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर  संजीत कुमार, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।