बिहार में एटीएस का विस्तार:दरभंगा समेत गया, पूर्णिया,  और मोतिहारी में खुलेंगे क्षेत्रीय कार्यालय

दस्तक 7मीडिया ,पटना

बिहार में आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। बिहार एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) के क्षेत्रीय कार्यालय अब गया, पूर्णिया, दरभंगा और मोतिहारी में स्थापित किए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में गृह विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है।

क्षेत्रीय कार्यालयों की जिम्मेदारी

इन क्षेत्रीय एटीएस कार्यालयों की जिम्मेदारी डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाएगी। ये कार्यालय अपने-अपने क्षेत्र में एटीएस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

थानों में पहली बार विशेष तैनाती

राज्य में पहली बार सभी 1380 थानों में एक एसआई / एएसआई,एक सिपाही की विशेष रूप से तैनाती की गई है।इनका मुख्य कार्य आतंकी गतिविधियों, धार्मिक उन्माद फैलाने वालों और राष्ट्रविरोधी तत्वों से जुड़ी सूचनाएं एकत्र कर वरीय अधिकारियों तक पहुंचाना होगा।

जेल से छूटने वालों पर भी रहेगी नजर

एटीएस कर्मियों को यह जिम्मेदारी भी दी गई है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में जेल से बाहर आने वाले लोगों पर
लगातार निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक या देशविरोधी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

स्पेशल ब्रांच के समानांतर काम

एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दाराद ने बताया कि इन चारों क्षेत्रीय एटीएस कार्यालयों को आसपास के जिलों से जोड़ा जाएगा और ये कार्यालय स्पेशल ब्रांच के समानांतर काम करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

राज्य सरकार के इस कदम से खुफिया तंत्र मजबूत होगा,आतंक और उग्र गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी,राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।