जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीएलसीसी की बैठक सम्पन्न, बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीएलसीसी की बैठक सम्पन्न, बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीएलसीसी की बैठक सम्पन्न, बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री/समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण, साख-जमा अनुपात (CD Ratio) तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने वार्षिक शाखा योजना के अंतर्गत सभी बैंकों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों में सर्वेक्षण कर आवश्यकता के अनुसार नई बैंक शाखाएं खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की सुलभता बढ़ाई जा सके।
जिला गव्य विकास योजना के अंतर्गत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक पदाधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री विकास कुमार को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा CD Ratio में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त को प्रतिदिन बैंक-वार समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादित मामलों का विस्तृत प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने एवं शेष मामलों के प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन के निर्देश दिए।
अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) ने जानकारी दी कि जिले में कुल 218 एटीएम कार्यरत हैं तथा सरकारी बैंक शाखाओं की संख्या 119 है।
बैठक में डीडीएम, नाबार्ड ने सभी बैंक पदाधिकारियों से किसानों के कृषि ऋण से संबंधित सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से स्वीकार करने तथा बिना ठोस कारण के अस्वीकृत न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मखाना बोर्ड का गठन हो चुका है और मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों के ऋण आवेदनों को प्राथमिकता दी जाए। इस अवसर पर वेयरहाउस रिसिप्ट, ई-किसान उपज निधि एवं CGSNPF योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी बैंक पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं जन-हितैषी दृष्टिकोण से कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में साख-जमा अनुपात, जिला गव्य विकास योजना, स्वयं सहायता समूह (जीविका), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएमईजीपी, पीएमएफएमई तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आरसेटी प्रशिक्षण संस्थान में चाहरदीवारी निर्माण कराने का निर्देश LDM दरभंगा को दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की प्रगति तेज करने पर बल देते हुए 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं से जोड़ने हेतु गांव स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, उप निदेशक जनसम्पर्क सत्येंद्र प्रसाद, अग्रणी बैंक प्रबंधक विकास कुमार, जिला उद्योग महाप्रबंधक, डीपीएम जीविका ऋचा गार्गी, डीडीएम नाबार्ड राज नंदनी, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।