जल्दी अमीर बनने के झाँसे से रहें सावधान: सोशल मीडिया और अनजान लिंक बन रहे हैं आर्थिक ठगी का बड़ा जरिया”

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

आज के डिजिटल दौर में जल्दी अमीर बनने के सपने दिखाकर लोगों को ठगने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हर दिन ऐसे कई विज्ञापन, वीडियो और पोस्ट तैरते रहते हैं, जिनमें कम समय में मोटी कमाई का दावा किया जाता है। आसान निवेश, दोगुना पैसा, ऑनलाइन ट्रेडिंग, क्रिप्टो, लकी ड्रॉ या घर बैठे कमाई जैसे प्रलोभन देकर लोगों को फंसाया जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जल्दी अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। ठग गिरोह लोगों की लालच और जल्दबाजी का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठ लेते हैं। कई मामलों में शुरुआत में थोड़ी-बहुत रकम लौटाकर भरोसा जीत लिया जाता है और बाद में बड़ी राशि की मांग कर ठगी कर ली जाती है।

इसके अलावा मोबाइल फोन पर आने वाले अनजान लिंक भी गंभीर खतरा बन चुके हैं। व्हाट्सएप, मैसेज या ई-मेल के जरिए भेजे गए इन लिंक पर क्लिक करते ही आपका मोबाइल हैक हो सकता है या बैंक खाते की जानकारी चुरा ली जाती है। कई बार एक क्लिक से ही खाते से पूरी रकम निकल जाती है और पीड़ित को तब तक भनक भी नहीं लगती।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी अनजान लिंक को न खोलें, बिना जांच-पड़ताल के किसी निवेश योजना में पैसा न लगाएं और अपनी बैंक या ओटीपी संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। यदि किसी तरह का संदेह हो तो तुरंत अपने बैंक या साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क करें।

सतर्कता और समझदारी ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। लालच में आकर जल्द अमीर बनने की कोशिश कहीं आपकी मेहनत की कमाई को पल भर में खत्म न कर दे।