अपराधियों पर नकेल कसने बिरौल में अब रात भर गूंजेगी पुलिस की सीटी, सोए हुए लोगों को जगाएगी पुलिस, जागते रहो

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए बिरौल थाना पुलिस ने अपनी रात्रि गश्ती के रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि के नेतृत्व में पुलिस अब केवल मुख्य चौक-चौराहों तक सीमित न रहकर गांवों की गलियों तक पहुंचेगी।
पुराने नियमों की वापसी, ‘जागते रहो’ का लगेगा उद्घोष–
पुलिस प्रशासन ने गश्ती के अपने पारंपरिक और सबसे प्रभावी नियमों को फिर से लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान गश्ती टीम न केवल संदिग्धों पर नजर रखेगी, बल्कि ‘जागते रहो’ की आवाज और पुलिस की सीटी के साथ लोगों को अपनी मौजूदगी का अहसास भी कराएगी।

प्रमुख बदलाव और सुरक्षा रणनीति– गश्ती दल अब शहर के मुख्य मार्गों के अलावा सुदूर ग्रामीण इलाकों की सड़कों और गलियों में भी सक्रिय रहेगा। पुलिस की सीटी का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को सतर्क करना है जो बेफिक्र होकर सो रहे हैं, ताकि चोरी और डकैती जैसी घटनाओं की संभावना को शून्य किया जा सके। पुलिस की लगातार मौजूदगी और गूंजती आवाज से अपराधियों के मनोबल को तोड़ना इस मुस्तैदी का प्राथमिक लक्ष्य है।
थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल गश्ती करना नहीं, बल्कि जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना है। जब पुलिस की सीटी रात के सन्नाटे में गूंजेगी, तो आम लोग चैन की नींद सो सकेंगे और गलत इरादे रखने वाले अपराधियों को भागने का रास्ता नहीं मिलेगा।