दरभंगा में जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि यांत्रिकरण मेला शुरू, डीएम कौशल कुमार ने किया उद्घाटन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा, 29 दिसम्बर 2025 :- संयुक्त कृषि भवन, बहादुरपुर, दरभंगा परिसर में जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि यांत्रिकरण मेला का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी कौशल कुमार द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी देने एवं सरकार द्वारा प्रदत्त अनुदान का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु किसानों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाता है। इस वर्ष जिले में कुल 3800 किसानों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1200 किसानों का चयन अनुदान हेतु किया गया है। शेष 2600 आवेदनों के संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी को विभाग को पत्र प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कृषि यांत्रिकरण की मांग तेजी से बढ़ रही है और किसान आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने किसान सलाहकार, एटीएम एवं बीटीएम को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में साप्ताहिक किसान गोष्ठी आयोजित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी समय पर किसानों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने किसानों से धान एवं गेहूं के साथ-साथ दलहन एवं तेलहन फसलों की खेती अपनाने का आह्वान किया, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहे।
साथ ही किसान सलाहकार, एटीएम एवं बीटीएम को प्रतिदिन 100 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी ने पराली प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों के अधिक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि कृषि यांत्रिकरण के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी, आधुनिक एवं सुगम बनाया जा सकता है।

बताया गया कि कृषि यांत्रिकरण योजना पूरी तरह ऑनलाइन एवं पारदर्शी है। मेले के दौरान 03 कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु ट्रैक्टर की डेमो चाबी का वितरण, चयनित किसानों को मैन्युअल कृषि यंत्र किट का वितरण तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग द्वारा बुआई से लेकर भंडारण तक 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है। मेले के पहले दिन लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के कृषि यंत्रों की बिक्री दर्ज की गई। किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

जिलाधिकारी के कर-कमलों से 06 किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर खरीद हेतु लॉटरी के माध्यम से परमिट तथा 04 किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर यंत्र प्रदर्शन हेतु परमिट प्रदान किया गया।

यह जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला 30 दिसंबर 2025 तक संचालित रहेगा।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला कृषि पदाधिकारी, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, संयुक्त निदेशक (शस्य) दरभंगा प्रमंडल, अनुमंडल एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, कृषि यंत्र विक्रेता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।