डीएम की अध्यक्षता में बहादुरपुर प्रखंड में समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज प्रखंड कार्यालय परिसर, बहादुरपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। विशेष रूप से बैटरी चालित मोटर ट्राईसाइकिल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलना चाहिए। इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर (कैंप) आयोजित कर लाभुकों के चयन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहाँ शीघ्र भूमि चिन्हित की जाए। साथ ही जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, लेडी सुपरवाइजर सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।