बिहार में नक्सलवाद को बड़ा झटका: 3 लाख के इनामी दो शीर्ष माओवादी कमांडरों समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार की आत्मसमर्पण–सह–पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर भाकपा (माओवादी) संगठन के अति सक्रिय तीन कुख्यात सदस्यों ने आज पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना के समक्ष मुंगेर जिले में आत्मसमर्पण कर दिया। यह नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को मिली एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के दो शीर्ष कमांडर शामिल हैं

नारायण कोड़ा, जोनल कमांडर (ZCM)  जिस पर बिहार सरकार द्वारा 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बहादुर कोड़ा, सब-जोनल कमांडर (SZCM) जिस पर भी 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
विनोद उर्फ बिनो कोड़ा, सशस्त्र दस्ता सदस्य।

पुलिस के अनुसार, नारायण कोड़ा और बहादुर कोड़ा के विरुद्ध मुंगेर, लखीसराय और जमुई जिलों में करीब दो दर्जन गंभीर नक्सली कांड दर्ज हैं, जबकि विनोद उर्फ बिनो कोड़ा के खिलाफ लखीसराय जिले में 03 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी सौंपी, जिनमें शामिल हैं
5.56 एमएम INSAS राइफल – 02
7.62 एमएम SLR राइफल – 04
5.56 एमएम जिंदा कारतूस – 150
7.62 एमएम जिंदा कारतूस – 353
बम, बॉम्ब डिटोनेटर एवं अन्य नक्सली सामग्री

सरकारी योजनाओं का मिलेगा पूरा लाभ

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को बिहार सरकार की नीति के तहत आर्थिक प्रोत्साहन, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार सहायता, आवास, राशन, स्वास्थ्य सुविधा (आयुष्मान योजना), शिक्षा तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

 यह आत्मसमर्पण नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका और बिहार में शांति बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।