दरभंगा में शीतलहर को लेकर प्रशासन सतर्क, 138 स्थानों पर जलाया जा रहा अलाव

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बढ़ती ठंड एवं शीतलहर की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देशानुसार दरभंगा जिले के सभी अंचलों में अंचलाधिकारियों के माध्यम से प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य आम जनमानस, विशेषकर गरीब, असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को कड़ाके की ठंड से राहत प्रदान करना है। सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अलाव की व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा आवश्यकता के अनुसार इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर आम लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

आज दिनांक 28.12.2025 को जिले के कुल 138 स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। आज 26.61 क्विंटल लकड़ी अलाव के रूप में जलाई गई है, जबकि अब तक कुल 165 क्विंटल लकड़ी का उपयोग किया जा चुका है।

सहायक निदेशक, आपदा प्रबंधन ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कुल 5171 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि इन्हें जरूरतमंदों के बीच वितरित किया जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा शीतलहर से बचाव हेतु निरंतर निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि शीतलहर के मद्देनजर सतर्कता बरतें तथा हीटर, गीजर, ब्लोअर आदि उपकरणों का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें। सोने से पूर्व अलाव एवं अंगीठी को पूर्णतः बुझा देना सुनिश्चित करें।

उपनिदेशक, जनसंपर्क, दरभंगा प्रमंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि घर के कमरे के अंदर कभी भी बोरसी या जलती हुई अंगीठी रखकर न सोएँ। यह जानलेवा हो सकता है। कई जिलों में इसके खतरनाक प्रभाव देखने को मिले हैं। इससे अगलगी की घटनाओं को भी रोका जा सकता है।