कड़ाके की ठंड के बावजूद जिलाधिकारी ने गंगवाड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर का किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार द्वारा आज गंगवाड़ा स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर, दरभंगा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, भवन की स्थिति एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, दरभंगा एवं डीपीएम (स्वास्थ्य) को निर्देश दिया कि नए भवन में स्वास्थ्य से संबंधित सभी मौलिक एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसकी जिम्मेदारी सिविल सर्जन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि नए स्थल पर ओपीडी एवं ऑपरेशन की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है तथा आगामी दो दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।

जिलाधिकारी द्वारा ओपीडी, पैथोलॉजी कक्ष, दवा काउंटर सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। नए स्थल पर 100 बेड की फैब्रिकेटेड सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्हें अवगत कराया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर के संचालन से आसपास के क्षेत्रों के आम नागरिकों को काफी सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त की। सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि पुराने स्थल (कबीर मठ) पर ओपीडी सेवा पूर्ववत संचालित रहेगी।

स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को एनएनसी, प्रसव सेवा, महिला बंध्याकरण, टीकाकरण, नवजात शिशु देखभाल, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी आदि स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होगा।

निरीक्षण के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, डीपीएम (स्वास्थ्य)  प्रभात राजू, डीसीएम  रवि कुमार, डैम वसंत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर, दरभंगा परिसर में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए, जिससे पर्यावरण शुद्ध रहेगा और जीवनदायिनी ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।