दरभंगा में एससी–एसटी कल्याण योजनाओं की गहन समीक्षा, मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने दिए अहम निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय दरभंगा में शनिवार को माननीय मंत्री, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग लखेंद्र कुमार रौशन की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा प्रमंडल अंतर्गत अपर समाहर्ता दरभंगा, पुलिस अधीक्षक नगर दरभंगा, प्रभारी उपनिदेशक कल्याण, जिला कल्याण पदाधिकारी दरभंगा, समस्तीपुर एवं मधुबनी सहित तीनों जिलों में पदस्थापित सभी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण, आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों के संचालन, सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड निर्माण, उनके जीर्णोद्धार एवं मरम्मती, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावासों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार, विकास रजिस्टर्ड 2.0 में अद्यतन प्रविष्टि एवं शुद्धिकरण, साथ ही भूमिहीनों को वासगीत पर्चा/बंदोबस्ती दिलाने से जुड़े लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। माननीय मंत्री ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

योजनाओं की समीक्षा के उपरांत माननीय मंत्री ने डॉ. अंबेडकर आवासीय उच्च विद्यालय, कोल्हंडा पटोरी (बहादुरपुर) तथा डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मुगलपुरा—छात्रावास संख्या-1 (200 आसन), छात्रावास संख्या-2 (100 आसन) एवं छात्रावास संख्या-4 (100 आसन) का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।