रेलवे कनेक्टिविटी में दरभंगा को बड़ी सौगात, देश के 48 शहरों में दरभंगा का चयन, मिलेगा नया मेगा कोचिंग टर्मिनल, 2030 तक ट्रेनों की क्षमता होगी दोगुनी : डॉ. गोपाल जी ठाकुर
रेलवे कनेक्टिविटी में दरभंगा को बड़ी सौगात, देश के 48 शहरों में दरभंगा का चयन, मिलेगा नया मेगा कोचिंग टर्मिनल, 2030 तक ट्रेनों की क्षमता होगी दोगुनी : डॉ. गोपाल जी ठाकुर
रेलवे कनेक्टिविटी में दरभंगा को बड़ी सौगात,
देश के 48 शहरों में दरभंगा का चयन, मिलेगा नया मेगा कोचिंग टर्मिनल,
2030 तक ट्रेनों की क्षमता होगी दोगुनी – डॉ. गोपाल जी ठाकुर
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दरभंगा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों के संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से रेलवे मंत्रालय ने देश के 48 प्रमुख शहरों का चयन किया है, जिसमें बिहार से दरभंगा को शामिल किया गया है। यह निर्णय पूरे मिथिला क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, जिसका दूरगामी और सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
स्थानीय सांसद एवं रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे मंत्रालय ने 26 दिसंबर 2025 को यह ऐतिहासिक घोषणा की है। इसके तहत वर्ष 2030 तक चयनित शहरों में ट्रेनों की संचालन क्षमता को दोगुना किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत दरभंगा में सैकड़ों करोड़ की लागत से नया रेलवे कोचिंग टर्मिनल, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, स्टेबलिंग लाइन, पिट लाइन, शंटिंग सुविधा, आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम और यात्री सुविधाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स और बेहतर मेंटिनेंस इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार होगा।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दरभंगा रेलवे स्टेशन का 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हो रहा नवीनीकरण, लहेरियासराय और सकरी स्टेशन का उन्नयन, लहेरियासराय में लो-कॉस्ट ओवरब्रिज तथा शीशो बाईपास स्टेशन पर प्रस्तावित मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स से आने वाले समय में दरभंगा की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे दरभंगा और मिथिला के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।