आधारपुर में भीषण आग से तीन गायों की मौत, लाखों की संपत्ति स्वाहा

दस्तक7 मीडिया | अमित झा | गोराबौराम

गौरा बौराम प्रखंड क्षेत्र के आधारपुर गांव में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। इस हादसे में पवन मुखिया और श्याम सुंदर मुखिया के घर में बंधी तीन गायों की जलकर मौत हो गई, जबकि घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का गृहस्थी का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

बताया जाता है कि जब तक आग लगने की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तब तक लपटें बेकाबू हो चुकी थीं। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक भारी क्षति हो चुकी थी। आग बुझाने में संतोष झा, अंकलू मुखिया, शिवनाथ सहित कई ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घटना की पुष्टि करते हुए राजस्व कर्मचारी रामबाबू ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और तत्काल तिरपाल उपलब्ध कराया। रामबाबू ने बताया कि दो गायों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसके बचने की संभावना कम बताई जा रही है।