बहादुरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: विदेशी शराब की खेप और पिस्टल के साथ 3 जिंदा कारतूस बरामद, तस्कर फरार 

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

दरभंगा जिले में अपराध नियंत्रण एवं बिहार पूर्ण शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहादुरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक अत्याधुनिक पिस्टल एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 की संध्या गश्ती के दौरान प्र०पु०अ०नि० अभय कुमार को सूचना मिली कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र के साहपुर ओझौल निवासी घनश्याम पासवान (पिता स्व० रामदास पासवान) के झोपड़ीनुमा बथान पर अवैध शराब की खेप उतारी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की।

पुलिस वाहन को आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय गवाहों के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पुलिस पदाधिकारियों को साक्षी बनाते हुए तथा ई-साक्ष्य (e-Sakshya) ऐप के माध्यम से विधिवत वीडियोग्राफी कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान झोपड़ी में रखे एक बक्से से
एक लोहे का पिस्टल (जिस पर PETRO & BERATA MADE IN U.S.A अंकित),एक मैगजीन, 9 एमएम के तीन जिंदा कारतूस,तथा MC Dowell’s ब्रांड की 750 एमएल की कुल 18 बोतल विदेशी शराब (कुल मात्रा 13.5 लीटर), जिस पर Sale in Punjab Only अंकित पाया गया।

इस संबंध में बहादुरपुर थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रसुन्ज़य कुमार के निर्देश पर प्र०पु०अ०नि० अभय कुमार, स०अ०नि० सादिक इकबाल, स०अ०नि० मंजेश कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।