रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर डीजीपी सख्त,कहा–काम पर दें ध्यान
रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर डीजीपी सख्त,कहा–काम पर दें ध्यान
रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर डीजीपी सख्त,कहा–काम पर दें ध्यान
दस्तक 7मीडिया /गुड्डू राज
बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने पुलिसकर्मियों को लेकर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि खाकी वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाना सही नहीं है। पुलिसकर्मियों को अपनी ऊर्जा इस तरह की गतिविधियों में नहीं,बल्कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लगानी चाहिए। डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस की वर्दी एक जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक है। इस वर्दी में काम करने वाले लोगों से जनता को अनुशासन,ईमानदारी और गंभीरता की उम्मीद होती है। अगर कोई पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर रील बनाता है,तो इससे पुलिस की छवि खराब होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जानकारी देने और सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए किया जा सकता है,लेकिन इसका गलत या गैर-जरूरी इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
डीजीपी ने अपराध के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए जरूरी है कि हर पुलिसकर्मी ईमानदारी से काम करे और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुने। अपराधियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई होनी चाहिए,ताकि जनता में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि थानों में कामकाज को और बेहतर बनाया जाए। आम आदमी जब थाने आए तो उसे सम्मान मिले और उसकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो। लापरवाही या ड्यूटी में कोताही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीजीपी विनय कुमार के इस बयान के बाद पुलिस महकमे में हलचल है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सोशल मीडिया पर नियम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इस कदम से पुलिस की छवि सुधारने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।