लहेरियासराय में शराब माफियाओं पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अंधेरियाबाग मोहल्ले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य तस्करों के फरार होने की बात सामने आ रही है। मामले में लहेरियासराय थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम लहेरियासराय थाना पुलिस ने अंधेरियाबाग स्थित दो घरों पर छापेमारी की। पहली छापेमारी में मदन चौधरी के घर से ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 180 एमएल की 19 बोतलें एवं ब्लेंडर चॉइस की 750 एमएल की 6 बोतलें बरामद की गईं। इस मामले में मदन चौधरी की पत्नी शीला देवी को मौके से गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरी छापेमारी में ओम प्रकाश चौधरी के पुत्र सुशील कुमार चौधरी के घर से 750 एमएल की ग्रीन व्हिस्की की 23 बोतलें तथा 180 एमएल की ऑफिसर चॉइस की 4 बोतलें बरामद की गईं। दोनों स्थानों से कुल करीब 26 लीटर अंग्रेजी शराब की बरामदगी हुई है। पुलिस ने सुशील कुमार चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

यह छापेमारी थानाध्यक्ष अमित कुमार के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष शंभू कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई अन्य शराब माफियाओं के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।