सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 24 कैरेट सोना 1.36 लाख के पार ,आम लोगों के अरमानों पर महंगाई की मार

दस्तक 7 मीडिया/मुंबई /दिल्ली 

सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आभूषण पहनने और खरीदने का सपना अब धीरे-धीरे आम और गरीब तबके के लिए सपना ही बनता जा रहा है। बीते तीन वर्षों में सोने की कीमतों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी ने लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। खासकर बेटे-बेटी की शादी जैसे पारिवारिक आयोजनों में सोना खरीदना अब बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

सोने की कीमतों ने एक बार फिर नया इतिहास रच दिया है।  पहली बार 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम के लिए 1.36 लाख के पार पहुंच गया। केवल दिसंबर महीने में ही सोने के दामों में करीब 7.6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है, जबकि बीते एक साल में सोना लगभग 60 हजार तक महंगा हो चुका है।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, दिसंबर की शुरुआत से अब तक सोने की कीमतों में करीब 9,600 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं चांदी की कीमतों ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। चांदी का भाव बढ़कर करीब 2.11 लाख प्रति किलो तक पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, डॉलर की कमजोरी, ब्याज दरों में संभावित कटौती और औद्योगिक मांग में इजाफा सोने-चांदी की कीमतों को ऊपर ले जा रहे हैं। आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन फिलहाल महंगाई की इस चमक ने आम लोगों की खुशियों को फीका कर दिया है।