सिंहवाड़ा के राजू शर्मा के खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए ₹5.20 लाख, तीन दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी

दस्तक 7मीडिया ,सिंहबाड़ा /

सिंहवाड़ा / सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अतरबेल निवासी राजू शर्मा साइबर अपराध का शिकार हो गए। 23 दिसंबर को साइबर अपराधियों ने उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सिंहवाड़ा शाखा स्थित खाते से दो बार में कुल पाँच लाख बीस हज़ार रुपये की अवैध निकासी कर ली।

पीड़ित राजू शर्मा ने इस संबंध में दरभंगा साइबर थाना में आवेदन दिया था, जिसके तीन दिन बाद अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

पीड़ित के अनुसार, 23 दिसंबर को दिन के करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर खाते से पाँच लाख रुपये की निकासी का मैसेज आया। मैसेज मिलते ही वह बैंक शाखा पहुंचे और खाते की जानकारी ली। जांच में पता चला कि खाते में मात्र एक लाख छियालिस हज़ार रुपये शेष रह गए हैं। इसके कुछ देर बाद खाते से बीस हज़ार रुपये की और निकासी हो गई, जिसका कोई मैसेज उनके मोबाइल पर नहीं आया।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना साइबर थाना को दी। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।