जिलाधिकारी की अध्यक्षता में “मंथन–2025” जिला स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला आयोंजित 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में “मंथन–2025” के तहत जिला स्तरीय पदाधिकारियों की एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकार की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आपसी समन्वय तथा सतत समीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करना था। कार्यशाला के प्रारंभ में जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों से सात निश्चय पार्ट–3 के अंतर्गत संचालित योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया।

उन्होंने योजनाओं की अब तक की प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सात निश्चय पार्ट–3 से संबंधित जारी गाइडलाइन का गहन एवं सूक्ष्म अध्ययन करें तथा उसी के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सात निश्चय पार्ट–3 के अंतर्गत
दोगुना रोजगार–दोगुनी आय, समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार, कृषि में प्रगति–प्रदेश की समृद्धि, उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य, सुलभ स्वास्थ्य–सुरक्षित जीवन, मजबूत आधार–आधुनिक विस्तार तथा सबका सम्मान–जीवन आसान जैसे कार्यक्रम विकसित बिहार के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करते हैं।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर सतत निगरानी रखें।

उन्होंने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों को संवेदनशील बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, उनकी आधारभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उनसे विनम्र व्यवहार किया जाए।
जनता की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यशाला में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।